“रवे” के लड्डू बनाने की विधि क्या है – रवे के लड्डू एक साधारण, सुपाच्य व पौष्टिक मिठाई है | “रवे” (बारीक़ सूजी) के कम घी में बने ये लड्डू महाराष्ट्र की एक सबसे अधिक प्रचलित घरेलू मिठाई है, ये घर घर में हमेशा बनाए जाते है, खास तौर पर ब्राह्मण समाज में | यह लड्डू व नागपुरी बारीक़ पोहा से बना चिवड़ा (नमकीन) अधिकांश घरों में लगभग हमेशा उपलब्ध रहता है, “बेशक हमारे घर में भी” |
देखिये ये कैसे बनाए जाते हैं |
आवश्यक सामग्री :-
बारीक़ सूजी (रवा) – 2 कटोरी
पानी – एक कटोरी (चासनी के लिए)
चीनी – डेढ़ कटोरी
देसी घी – आधा कटोरी
इलायची पाउडर- आधा टीस्पून (या अधिक, इच्छानुसार)
चिरोंजी – 2 – 3 टेबल स्पून
विधि :- “रवे” के लड्डू बनाने की विधि क्या है
सर्वप्रथम एक कड़ाही में घी व रवा ले कर हल्की आंच पर केवल इतना भून लें कि उसका रंग सफेद से हल्का बादामी हो जाए |
अब एक दूसरे बर्तन (पतीली या भगोनी) में चीनी व पानी ले कर उसे मीडियम आंच पर रखें,व लगातार चलाते हुए एक तार की चासनी बना लें |
अब भूने हुए रवे में यह चासनी, इलायची पाउडर व चिरोंजी डाल कर अच्छी तरह मिक्स करें, व इस मिश्रण को ढक कर 1 – 2 घंटे के लिए छोड़ दें, बीच बीच में इसे चला कर चेक करते रहें |
जैसे ही यह मिश्रण लड्डू बांधने की स्थिति में आ जाए, लड्डू बांध लें | दरअसल हर रवा चासनी की नमी कितने समय में सोख कर गाढ़ा / कड़ा हो जाएगा, यह रवे पर निर्भर होता है |
अगर मिश्रण अधिक कड़ा लगे तो उस पर हल्का सा दूध छिड़क कर मिला लें, वह लड्डू बांधने लायक सॉफ्ट हो जाएगा | यह लड्डू बनाने हेतु रवा यथा सम्भव बारीक़ ही लें, अन्यथा लड्डू कड़े बनेंगे |
ये लड्डू अगर सही तरीके से बनाए जावें, तो इसके सामने आप मावे की मिठाइयो का स्वाद भूल जाएंगे|

यह प्रतीकात्मक चित्र – गूगल से साभार – आर. व्ही. पण्डित